मां की जगह अनुकंपा नियुक्ति मांगने गई युवती के साथ बाबू ने की छेड़छाड़

ग्वालियर 20 मार्च (वेदांत समाचार)।  मां की मृत्यु के बाद सिंचाई विभाग में दस्तावेज लेकर अनुकंपा नियुक्ति मांगने गई युवती के साथ स्थापना शाखा के बाबू राजेंद्र पाल सिंह जादौन ने छेड़छाड़ कर दी। पीड़िता ने आरोपित बाबू के खिलाफ थाटीपुर थाने में शनिवार को छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भीम नगर निवासी युवती ने शिकायत कर बताया कि उसकी मां सिंचाई विभाग में भृत्य थी। 2009 में मां की असमय मृत्यु हो गई। मां की मृत्यु के समय वह नाबालिग थी। इसलिए अनुकंपा नियुक्ति के लिए कोई प्रयास नहीं किया। 2013 में बालिग होने के बाद दस्तावेज लेकर अनुकंपा नियुक्ति के लिए सिंचाई विभाग के चक्कर लगा रही थी। इसका फायदा उठाकर स्थापना शाखा के बाबू राजेंद्र पाल सिंह जादौन ने उसे रिकार्ड रूम में बुलाकर छेड़छाड़ कर दी। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपित बाबू के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

कांग्रेस नेत्री से छेड़छाड़ के आरोपितों को मिली जमानत

कांग्रेस नेत्री के साथ छेड़छाड़ करने के आरोपितों को कोर्ट से जमानत मिल गई है। आरोपित शरद साहू, राहुल शिवहरे, अभिजीत किरार और शिवा ने जमानत के लिए आवेदन किया था। चारों पर कांग्रेस नेत्री ने छेड़छाड़ की धारा के तहत मामला दर्ज कराया था। एफआइआर इंदरगंज थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके से ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि जो लोग आरोपित है उनके बारे में बताया जाता है कि वे कांग्रेस नेत्री के पूर्व समर्थक है। जिन्होंने उनके घर पर आकर हंगामा और छेड़खानी की थी। घटना की सूचना कांग्रेस नेत्री ने तुरंत पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर से आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।