दैनिक जीवन में सुरक्षा संस्कृति को अपनाएंगे तो हम सुरक्षित रहेंगेः श्री कोसरिया


0 एबीवीटीपीएस मड़वा में राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह आयोजित
जांजगीर 11 मार्च 2022- दुर्घटनाएं और बीमारियां देश को दुर्बल बनाती हैं, इसलिए हमें दुर्घटनाओं से बचने के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों को अपनाना चाहिए। सुरक्षा संस्कृति को अपने दैनिक जीवन में अपनाएंगे तो हम सुरक्षित रहेंगे। यह विचार राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के समापन समारोह में मुख्य अभियंता एचएन कोसरिया ने व्यक्त किए। अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा में 04 से 10 मार्च तक राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह मनाया गया। राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य अभियंता एचएन कोसरिया, कार्यक्रम के अध्यक्ष अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजाबाबू कोसरे, विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता संदीप श्रीवास्तव, आलोक लकरा, रामजी सिंह, आरजी देवांगन और वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ आरके तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।


मुख्य अभियंता एचएन कोसरिया द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजाबाबू कोसरे ने कहा कि पॉवर कंपनी सुरक्षा के प्रति दृढ़ संकल्प एवं संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि संरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल हम अपनी आदतों में शामिल करें।


अधीक्षण अभियंता (संरक्षा) एन. साहा द्वारा उद्बोधन देते हुए संरक्षा के नियमों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2022 के लिए संरक्षा थीम-‘ सुरक्षा संस्कृति के विकास हेतु युवाओं को प्रोत्साहित करें ’ रखी गई है। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता संदीप श्रीवास्तव, आलोक लकरा, रामजी सिंह, आरजी देवांगन एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ आरके तिवारी ने भी उद्बोधन दिए।


संरक्षा सप्ताह में संरक्षा जागरूकता के विविध आयोजन हुए। इसमें मॉकड्रिल, सुरक्षा जागरूकता व्याख्यान, अग्नि सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन, नारा एवं निबंध प्रतियोगिता शामिल हैं। नारा एवं निबंध प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागी संजय कुमार झा, बृजेश अग्रवाल, जयकृपाल यादव, अखिलेश एवं शुभम यादव को पुरस्कृत किया गया। संरक्षा सप्ताह के कार्यक्रम का संयोजन अधीक्षण अभियंता एन. साहा की अगुवाई में कार्यपालन अभियंता संदीप भगत एवं सहायक अभियंता नरेंद्र कुमार देवांगन द्वारा किया। कार्यक्रम का संचालन संरक्षा अधिकारी विजय कुमार बर्मन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता क्रिस्टोफर एक्का एवं लोचन सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी एमके रायकवार, मुख्य रसायनज्ञ अभय मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. आरके साहू, सुरक्षा अधिकारी डी. तिर्की समेत बड़ी संख्या में विभिन्न वृत्तों के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता एवं अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।