रायपुर,30 मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है। दिन में गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग की माने तो अगले 3 दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन इसके बाद तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। प्रदेश में आज कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है।
बिजली भी गिर सकती है और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे ज्यादा तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ के असर से प्रदेश के सेंट्रल और साउथ के कुछ इलाकों में 4 अप्रैल तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में एक-दो जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बूंदाबांदी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों का आउटलुक जारी किया है, जिसके मुताबिक प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। रायपुर में बादल छाए रहेंगे। बारिश या गरज-चमक के साथ आंधी चल सकती है। अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने की उम्मीद है।
