Vedant Samachar

यादें’ में सोनी सब दिखाता है एक डॉक्टर की मार्मिक दूसरी ज़िंदगी और उसकी पहचान और उद्देश्य की नई खोज

Vedant samachar
7 Min Read

~ वैश्विक चर्चित सीरीज़ ‘डीओसी(डॉक) का भारतीय रूपांतरण ‘यादें’, जिसमें इक़बाल खान, गुलकी जोशी और सृष्टि सिंह मुख्य भूमिका में; 6 अप्रैल से सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर ~

मुंबई, 26 मार्च 2026: सोनी सब, भारत के प्रमुख हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों में से एक, गर्व के साथ पेश कर रहा है नया शो “हुई गुम यादें – एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ”, जिसका प्रीमियर सोमवार, 6 अप्रैल रात 8 बजे होगा। यह सीरीज़, विश्वभर में सराही गई इटैलियन ड्रामा डीओसी(डॉक) – नेल्ले तुए मानी से रूपांतरित है और भारतीय दर्शकों के लिए लेकर आ रही है एक दिल छू लेने वाली कहानी – हिम्मत, नए सिरे से जीने की कोशिश और ज़िंदगी में मिलने वाले दूसरे मौकों की ताक़त की। इस शो में नज़र आएंगे मशहूर कलाकार इक़बाल खान, गुलकी जोशी और सृष्टि सिंह। “यादें” का सफ़र एक संवेदनशील मेडिकल पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहाँ एक डॉक्टर अपने अतीत से जूझते हुए अपनी पहचान और मक़सद को फिर से खोजने की कोशिश करता है।

कहानी के केंद्र में है डॉ. देव मेहता, जिसे निभा रहे हैं इक़बाल खान। देव एक बेहद होनहार डॉक्टर है, जिसकी ज़िंदगी एक हादसे के बाद पूरी तरह बदल जाती है। इस हादसे में उसकी आठ साल की यादें मिट जाती हैं। अपने अतीत और बनाई हुई ज़िंदगी से वंचित, देव को अब अनजाने रास्तों पर चलना पड़ता है और उस शख़्सियत का सामना करना पड़ता है जिसे वह खुद भी याद नहीं कर पाता। इसके बाद शुरू होती है एक गहरी और भावनात्मक यात्रा – जहाँ देव अपने करियर को फिर से संवारता है, टूटे रिश्तों को जोड़ने की कोशिश करता है और डॉक्टर होने के साथ-साथ इंसानियत को और ज़्यादा अपनाता है। यह सफ़र उसे ज़िंदगी और इलाज दोनों को नए नज़रिए से देखने की ताक़त देता है।

गुलकी जोशी निभा रही हैं सृष्टि का किरदार – देव की पूर्व पत्नी। सृष्टि एक मज़बूत और समझदार डॉक्टर है, जिसने अपने बच्चों की परवरिश के लिए मेडिकल करियर को पीछे छोड़ दिया और अब अस्पताल का प्रशासन संभालती है। देव और सृष्टि का टूटा हुआ रिश्ता तब और परखा जाता है जब देव की याददाश्त खोने के बाद वह उसका ऐसा रूप देखती है जिसे वह हमेशा के लिए खो चुका मानती थी। कहानी में भावनाओं की एक और परत जोड़ती हैं सृष्टि सिंह, जो निभा रही हैं वाणी का किरदार – एक महत्वाकांक्षी रेज़िडेंट डॉक्टर, जिसने कभी देव को अपना आदर्श माना था। इस नए अध्याय में वाणी, देव की सबसे करीबी साथी बन जाती है। देव और वाणी का बदलता रिश्ता दोनों की ज़िंदगियों को नई दिशा देता है।

सोबो फ़िल्म्स द्वारा निर्मित यादें डीओसी(डॉक) का आधिकारिक भारतीय रूपांतरण है। डीओसी(डॉक) एक विश्व-प्रसिद्ध श्रृंखला है जिसे पाँच से अधिक देशों में सफलतापूर्वक रूपांतरित किया जा चुका है। अपनी भावनात्मक मूल भावना के प्रति सच्चे रहते हुए, भारतीय रूपांतरण को सोच-समझकर इस तरह से पुनः कल्पित किया गया है कि यह भारतीय दर्शकों के साथ गहराई से जुड़ सके। इसमें पारिवारिक रिश्तों और संबंधों को केंद्र में रखा गया है।

अजय भालवंकर, चीफ़ कंटेंट ऑफिसर, सोनी सब
“सोनी सब में हम मानते हैं कि टेलीविज़न में प्रेरित करने, दिलों को जोड़ने और परिवारों को करीब लाने की ताक़त होती है। यादें सिर्फ़ एक नया शो नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी कहानी है जो हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि जब ज़िंदगी हमें दूसरा मौक़ा देती है तो हम कौन से फ़ैसले लेते हैं। यह शो दुनियाभर में दर्शकों के दिलों को छू चुका है और कई देशों में सफलतापूर्वक बनाया गया है। हमें पूरा विश्वास है कि डॉ. देव मेहता की यात्रा भारतीय दर्शकों को भी गहराई से जोड़ लेगी और सोनी सब की सार्थक कहानियाँ दिखाने की प्रतिबद्धता को और मज़बूत करेगी।”

स्मृति शिंदे, प्रोड्यूसर और फ़ाउंडर, सोबो फ़िल्म्स
“हमारे लिए यादें सिर्फ़ एक अडैप्टेशन नहीं है, बल्कि भारतीय दर्शकों के लिए दिल से बनाई गई कहानी है। डॉ. देव मेहता की कहानी हिम्मत, खुद को फिर से खोजने और ज़िंदगी को नए सिरे से अपनाने की है। ये थीम्स इंसानी हैं और हर किसी से जुड़ती हैं। सोनी सब के साथ साझेदारी ने हमें यह कहानी बड़े पैमाने और संवेदनशीलता के साथ पेश करने का मौका दिया है। यह शो डीओसी(डॉक) की विरासत को आगे बढ़ाता है और भारतीय परिवारों की भावनाओं को भी दर्शाता है।”

इक़बाल ख़ान निभाएँगे डॉ. देव मेहता का किरदार
“एक्टर के तौर पर हम हमेशा ऐसे रोल्स ढूंढते हैं जो हमें चुनौती दें। लेकिन डॉ. देव मेहता का किरदार सिर्फ़ चुनौती नहीं है, बल्कि यह इंसानी जज़्बे का आईना है। आठ साल की यादें खोकर अपनी ज़िंदगी को फिर से बनाना सिर्फ़ मेडिकल कहानी नहीं है, बल्कि यह पहचान, प्यार और दूसरे मौक़े की गहरी भावनात्मक यात्रा है। इस किरदार ने मुझे कमज़ोरी और हिम्मत दोनों को बराबरी से जीने का मौका दिया। मुझे यक़ीन है कि दर्शक देव की जद्दोजहद और जीत में अपनी झलक देखेंगे। यादें यह याद दिलाता है कि जब ज़िंदगी सब कुछ छीन लेती है, तब भी वह हमें फिर से शुरू करने का साहस देती है।”

6 अप्रैल से प्रीमियर होने वाला ‘यादें’ सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे प्रसारित होगा।

Share This Article