जांजगीर-चांपा, 25 मार्च 2026। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे ग्राम खपरी निवासी वीरू कुर्रे अपने चचेरे भाई संतकुमार कुर्रे के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोसा में नवल सिंह के घर के पास दो अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौच और मारपीट करते हुए उनसे 3,500 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन लूट लिए। घटना की रिपोर्ट पर थाना मुलमुला में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस जांच के दौरान एक आरोपी विकास भंडारी उर्फ चकरी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। वहीं, दूसरे फरार आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।
इसी कड़ी में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी संदीप बंदे (34 वर्ष), निवासी कोसा पचरीपारा, को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूट की राशि में से 500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद कुमार महार, प्रधान आरक्षक राजमणी द्विवेदी, आरक्षक अनिल अजगत्ले सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
