रायगढ़,24 मार्च (वेदांत समाचार) : रायगढ़ जिला में पुलिस ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जहां सोमवार को जिले भर के थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 35 प्रकरण दर्ज किए गए। जिसमें 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 21 शराब तस्करों को जेल भेजा गया है। इसमें सबसे बड़ी कार्रवाई छाल थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने एक ही दिन में 919 लीटर अवैध शराब जब्त किया है।
इसमें देशी-अंग्रेजी और महुआ शराब शामिल है। जप्त शराब की कुल कीमत करीब 1 लाख 23 हजार रुपए है। पुलिस के इस अभियान के पहले दिन की कार्रवाई में 23 प्रकरणों में लगभग 120 लीटर शराब जब्त कर आरोपियों पर कार्रवाई की गई थी। वहीं दूसरे दिन छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरामार में कार्रवाई कर अवैध शराब निर्माण के पूरे सेटअप को ध्वस्त किया गया। मौके पर आरोपी जयलाल राठिया 40 साल को गिरफ्तार किया। आरोपी जयलाल राठिया ने गांव के प्रदीप बेहरा द्वारा अवैध शराब निर्माण करना बताया, जिसे पुलिस की जानकारी मिलने पर वह फरार हो गया था।
पुलिस ने मौके से 400 लीटर सिन्टेक्स टंकी में, 120 लीटर जरीकेन में और 10 लीटर बोतलों में भरी कुल 530 लीटर महुआ शराब जब्त किया। वहीं पुलिस ने आरोपी जयलाल राठिया को गिरफ्तार का रिमांड पर जेल भेजा है और फरार आरोपी प्रदीप कुमार बेहरा 40 साल की तलाश जारी है। चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम बरलिया में आरोपी जगदीश सारथी 56 साल से 51 लीटर और ग्राम नवापाली में आरोपी अजय चौहान 22 साल से 30 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। इसके अलावा पुसौर थाना क्षेत्र में ग्राम तरडा में घेराबंदी कर आरोपी जयकुमार यादव 35 साल और देमति साव 38 साल को मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 100 पाउच महुआ शराब जब्त की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई में औरदा निवासी आरोपी तोरन साव को 5.40 लीटर देशी शराब के साथ पकड़ा गया।
घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम कोनपारा में आरोपी राजेश चैहान 22 साल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जिसे वह ढाबा में बिक्री के लिए छिपाकर रखा था। ग्राम टेरम जुनाडीह में आरोपी दिलबोध राठिया से 15 लीटर और ग्राम करीकछार में आरोपी हेमलाल राठिया से 70 लीटर अवैध महुआ शराब जप्त कर कार्रवाई की गई है। पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम गुड़गुड़ में एतवार सिंह राठिया 45 साल से 12 लीटर और ग्राम तराईमाल में कुमारी उरांव से 6 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम गिण्डोला में आरोपी मनोहर राठिया और ग्राम कुर्रूभाठा में आरोपी शगंगोली लाल रावत के कब्जे से कुल 14 लीटर महुआ शराब जब्त की।
खरसिया पुलिस ने आरोपी श्यामलाल केंवट से 9 लीटर, संजय तुरी से 10 लीटर और नारायण प्रसाद तुरी से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की। तमनार पुलिस ने ग्राम महलोई में आरोपी लोचन प्रसाद सिदार 37 साल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसे वह पाउच में परिवहन कर रहा था। SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई की जा रही है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी मामले में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जिले में ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।
