[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

गरीब उपभोक्ता के लिए बनीं मददगार: एमडी की पत्नी ने खुद जमा किया बिजली बिल

रायपुर, 23 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत पाली सब-डिवीजन में आयोजित विशेष शिविर में एक मानवीय पहल सामने आई। कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री भीम सिंह कंवर की पत्नी श्रीमती मंजुला सिंह कंवर ने आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ता की मदद करते हुए 8,022 रुपये की बकाया राशि स्वयं जमा कर दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम केराझरिया निवासी एक उपभोक्ता की पुत्री ने शिविर में बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वह योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक राशि जमा नहीं कर पा रही है। इस पर श्रीमती कंवर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल शेष राशि का भुगतान कर दिया, जिससे उपभोक्ता का पूरा बिजली बिल शून्य हो गया।

पाली में आयोजित इस शिविर में कुल 20 पात्र उपभोक्ताओं ने भाग लिया, जिन्होंने मिलकर 1.29 लाख रुपये का बिजली बिल जमा किया। वहीं योजना के तहत उपभोक्ताओं को कुल 3.48 लाख रुपये की छूट का लाभ भी मिला।

कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक श्री भीम सिंह कंवर के साथ कई अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत कोरोना काल में प्रभावित गरीब और मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत दी जा रही है, जिसमें सरचार्ज पूरी तरह माफ और मूल राशि में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।

यह पहल न केवल शासन की जनकल्याणकारी योजना को सफल बनाने का उदाहरण है, बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करती है।

[metaslider id="133"]