पिछले कुछ समय से देश के कई हिस्सों में मौसम में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है. कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश और ठंडी हवाएं बच्चों की सेहत को प्रभावित कर रही हैं. ऐसे हालात में बच्चों की इम्यूनिटी पर सीधा असर पड़ता है और वे जल्दी बीमार पड़ने लगते हैं. खासकर छोटे बच्चे, नवजात और वे बच्चे जिनकी इम्यूनिटी पहले से कमजोर होती है, उन्हें ज्यादा खतरा रहता है.
इसके सामान्य लक्षणों में बार-बार सर्दी-जुकाम, खांसी, हल्का बुखार, गले में खराश, थकान, शरीर में कमजोरी और भूख कम लगना शामिल हैं. कई बार बच्चों में एलर्जी, त्वचा पर रैशेज और सांस से जुड़ी दिक्कतें भी देखने को मिलती हैं. इन संकेतों को नजरअंदाज करने से परेशानी बढ़ सकती है, इसलिए समय रहते ध्यान देना जरूरी है. आइए जानते हैं कि बदलते मौसम में बच्चों की इम्यूनिटी क्यों प्रभावित होती है.
बदलते मौसम में बच्चों की इम्यूनिटी क्यों हो जाती है कमजोर?
आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि बताते हैं कि मौसम में बदलाव के दौरान तापमान, नमी और वातावरण में मौजूद बैक्टीरिया और वायरस तेजी से बदलते हैं. बच्चों का शरीर इन बदलावों के अनुसार खुद को जल्दी एडजस्ट नहीं कर पाता, जिससे उनका इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है. इस दौरान वायरल इंफेक्शन, फ्लू और एलर्जी के मामले तेजी से बढ़ते हैं, जो बच्चों को आसानी से प्रभावित करते हैं.
साथ ही, कई बार बच्चे सही खानपान नहीं ले पाते, जिससे शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता. नींद पूरी न होना और दिनचर्या का बिगड़ना भी इम्यूनिटी पर असर डालता है. स्कूल या बाहर खेलने के दौरान बच्चों में संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है. यही वजह है कि इस मौसम में बच्चों के बार-बार बीमार होने की समस्या देखने को मिलती है.
कैसे करें बचाव?
बदलते मौसम में बच्चों की इम्यूनिटी मजबूत बनाए रखने के लिए संतुलित डाइट देना जरूरी है. उनकी डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियां, दाल और प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करें. बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाएं और जंक फूड से दूर रखें. रोजाना 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद दिलाना भी बहुत जरूरी है.
मौसम के अनुसार कपड़े पहनाना चाहिए ताकि वे ठंड या गर्मी से सुरक्षित रहें. बच्चों को बाहर से आने के बाद हाथ धोने की आदत डालें और साफ-सफाई का खास ध्यान रखें. हल्की-फुल्की एक्सरसाइज और धूप में कुछ समय बिताना भी उनकी इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करता है.
ये भी जरूरी
बच्चों की अच्छी सेहत के लिए समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराना जरूरी है. अगर बच्चा बार-बार बीमार पड़ रहा है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें. टीकाकरण समय पर पूरा होना चाहिए ताकि कई गंभीर बीमारियों से बचाव हो सके. घर का वातावरण साफ और हवादार रखें ताकि संक्रमण का खतरा कम हो.
बच्चों को ज्यादा थकने न दें और उन्हें मानसिक तनाव से दूर रखें. साथ ही, उनकी दिनचर्या को नियमित बनाए रखना जरूरी है, जैसे समय पर खाना, सोना और खेलना. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर बच्चों की इम्यूनिटी को बेहतर बनाया जा सकता है.
