Vedant Samachar

नशे में वाहन चलाने वालों पर बेमेतरा पुलिस की सख्त कार्रवाई, 22 चालान, 50 वाहनों की जांच

Vedant samachar
3 Min Read

बेमेतरा, 21 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर बेमेतरा पुलिस द्वारा सख्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग, फ्लैग मार्च और पेट्रोलिंग की जा रही है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा “सशक्त एप” के माध्यम से गुम या चोरी हुए वाहनों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 मार्च 2026 को जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर 50 वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 22 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 7,200 रुपये समन शुल्क वसूला गया।

अभियान के तहत बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा करना, तेज गति से वाहन चलाना, दोपहिया पर तीन सवारी, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग और अन्य उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कर सख्ती बरती जा रही है।

इसी दौरान एक वाहन चालक को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा उस पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10,000 रुपये का समन शुल्क लगाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण है, जिसे रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन निर्धारित गति में चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। पुलिस ने यह भी कहा है कि वाहन चेकिंग के दौरान आमजन सहयोग करें, ताकि इस अभियान को सफल बनाया जा सके।

पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article