कोरबा , 21 मार्च (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत पाली के टावर मोहल्ले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टावर मोहल्ला निवासी परमेश्वर डिक्सेना की पुत्री आराध्या डिक्सेना शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे शिव मंदिर चौक के पास स्कूटी और वैन के बीच हुई टक्कर की चपेट में आ गई। हादसे में आराध्या गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पाली में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही आराध्या ने दम तोड़ दिया।
मासूम बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार सहित पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। शनिवार को पाली स्थित मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
