Vedant Samachar

रायपुर में नशीली टैबलेट की सप्लाई का भंडाफोड़, 676 नग निट्राजेपाम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 21 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 676 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट (निट्राजेपाम), एक बटनदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 17 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कलिंग नगर स्थित सीएसईबी मैदान के पास दो युवक नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सिद्धू बाघ (30 वर्ष) और रोहित कुमार (25 वर्ष) निवासी रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवा निट्राजेपाम बरामद हुई। साथ ही एक धारदार बटनदार चाकू भी मिला।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशीली टैबलेट उड़ीसा से लाकर रायपुर में सप्लाई करते थे। पुलिस से बचने के लिए वे इन टैबलेट्स को खिलौनों के बॉक्स में छिपाकर परिवहन करते थे।

इस मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 123/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 22बी और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article