कोतबा (जशपुर), 21 मार्च (वेदांत समाचार)। जशपुर जिले की कोतबा चौकी पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ में कथित रूप से गौवंश के मांस की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 किलो मांस बरामद किया है, जिसकी पशु चिकित्सक द्वारा पुष्टि गौवंश के रूप में की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात लगभग 9:10 बजे कोतबा चौकी पुलिस मुख्य मार्ग पर वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के बनडेगा क्षेत्र से एक व्यक्ति अल्टो कार (क्रमांक OR-14G-3271) में भारी मात्रा में मांस लेकर कोतबा होते हुए लैलूंगा (जिला रायगढ़) की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर दी।
कुछ ही देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से कुल 60 पैकेट (प्रत्येक लगभग एक-एक किलो) संदिग्ध मांस बरामद किया गया। चालक की पहचान जीसान हुसैन (24), निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर बनडेगा के समीप जंगल में गौवंश का वध किया था और मांस को बिक्री के लिए छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में ले जाया जा रहा था।
जब्त मांस की जांच के लिए पशु चिकित्सालय कोतबा के पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. दिलीप खलखो को बुलाया गया। परीक्षण के बाद उन्होंने पुष्टि की कि बरामद मांस गौवंश का है। जांच में शरीर के विभिन्न हिस्से, हड्डियां एवं खुर सहित अन्य संरचनात्मक अवशेष पाए गए, जिससे पहचान सुनिश्चित हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बृजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
