रायगढ़, 21 मार्च 2026। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम के पौधे और तैयार अफीम जप्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, 19-20 मार्च की रात तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर झारखंड निवासी मार्शल संगा द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की, जहां खेत में काम कर रहे दो व्यक्ति फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी, झारखंड बताया, जो वर्तमान में आमाघाट में रह रहा था। मौके पर दो अलग-अलग खेतों में बड़े पैमाने पर अफीम की फसल लगी पाई गई।
पुलिस द्वारा आबकारी, एफएसएल, कृषि और राजस्व विभाग की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल जांच में फसल के अफीम होने की पुष्टि हुई। राजस्व टीम ने बताया कि संबंधित भूमि पांच अलग-अलग खसरों में दर्ज है। जांच के दौरान कुल 60,326 अफीम पौधे बरामद किए गए, जिनका वजन 2,877 किलोग्राम पाया गया।
आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके निवास स्थान (ससुराल) में तलाशी ली, जहां से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 15 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल जप्त मादक पदार्थ की कीमत 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में आरोपी मार्शल संगा सहित उसके दो साथी इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा (दोनों निवासी झारखंड) के खिलाफ थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी) और 18 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
