Vedant Samachar

KKR ने जिसे खरीदा फिर छोड़ दिया, उसने इस T20 लीग में 14 छक्के के साथ ठोके 193 रन, बनाया बड़ा रिकॉर्ड

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली, 21 मार्च : आईपीएल 2026 का आगाज होने जा रहा है. लेकिन, उससे पहले 22 साल के उस खिलाड़ी का एक T20 टूर्नामेंट में धमाका देखने को मिला है, जिसे KKR ने 20 लाख रुपये में खरीदा था. KKR ने उस खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के तौर पर खुद से जोड़ा था. हालांकि, अगले सीजन से पहले KKR से रिलीज भी हो गया. अब KKR ने जिसे खरीदा फिर छोड़ा, उस बल्लेबाज के बल्ले में कितनी आग रही, वो सूरत क्रिकेट लीग 2026 में 20 मार्च को खेले मुकाबले में देखने को मिली. हम बात कर रहे हैं 22 साल के विस्फोटक ओपनर आर्या देसाई की.

आर्या देसाई ने इस T20 लीग में किया धमाका
20 मार्च को सूरत क्रिकेट लीग 2026 में लुथरा पेगासुस और कैलाश स्पोर्ट्स क्लब के बीच मुकाबला खेला गया. इस T20 मुकाबले में लुथरा पेगासुस ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 3 विकेट पर 267 रन बनाए. आर्या देसाई इस मैच में ना सिर्फ लुथरा पेगासुस के ओपनर थे बल्कि उसके कप्तान भी थे. ऐसे में टीम को बेहतर शुरुआत दिलाने और उसकी बल्लेबजी को फ्रंट से लीड करने की दोनों जिम्मेदारियां उन्होंने बखूबी निभाई.

14 छक्के, 193 रन… नाम किया ये बड़ा रिकॉर्ड
ओपनिंग पर उतरे आर्या देसाई आखिर तक नाबाद रहे और 81 गेंदों का सामना करते हुए 238.27 की स्ट्राइक रेट के साथ 193 रन ठोके. उनकी इस विस्फोटक पारी में 14 छक्के और 21 चौके शामिल रहे. इसी के साथ आर्या देसाई एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. वो अब किसी भी आधिकारिक मान्यता प्राप्त T20 लीग में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए.

आर्या देसाई से पार नहीं पा सकी विरोधी टीम
अपने कप्तान और ओपनर आर्या देसाई के बनाए 193 रन की बदौलत लुथरा पेगासुस ने कैलाश स्पोर्ट्स क्लब के सामने जीत के लिए 268 रन का विशाल लक्ष्य रखा. मगर इस स्कोर से पार पाना तो दूर कैलाश स्पोर्ट्स क्लब की टीम आर्या देसाई के अकेले बनाए 193 रन के स्कोर से भी पार नहीं पा सकी. कैलाश स्पोर्ट्स क्लब की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 174 रन ही बना सकी और इस तरह 93 रन के बड़े अंतर से मुकाबला हार गई. आर्या देसाई इस मैच के हीरो बने.

आर्या देसाई का KKR कनेक्शन
आर्या देसाई को KKR ने IPL 2023 में रिप्लेसमेंट प्लेयर तौर पर खुद से जोड़ा था. ये करार 20 लाख रुपये में हुआ था. हालांकि, आर्या देसाई को वहां अपना हुनर दिखाने का मौका नहीं मिला. उस एक सीजन के बाद KKR ने उन्हें छोड़ भी दिया.

Share This Article