Vedant Samachar

पेंड्रा में उठाईगिरी का खुलासा: 24 घंटे में महिला आरोपी गिरफ्तार, 12.64 लाख के जेवर बरामद

Vedant samachar
3 Min Read

पेंड्रा। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार के दौरान हुई उठाईगिरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस ने चोरी गए मशरूका कीमती लगभग 12 लाख 64 हजार रुपए के सोना-चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम बस्ती बगरा के साप्ताहिक बाजार की है। प्रार्थी विनय कुमार सोनी, निवासी हनुमान मंदिर के पास पेंड्रा, ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बुधवार को बाजार में सोना-चांदी की दुकान लगाने गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर उसके जेवरों से भरा बैग पार कर फरार हो गया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 87/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पेंड्रा एवं चौकी कोड़गार की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई।

जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध महिला के बारे में जानकारी मिली, जो किराए के मकान में रहकर चूड़ी बेचने का काम करती थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम आशिया शिकारी (40 वर्ष), निवासी दमोह (मध्यप्रदेश) बताया।

पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि उसने अपने भतीजे राजेंद्र शिकारी और रिश्तेदार अमर शिकारी के साथ मिलकर उठाईगिरी की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे।

पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 35 ग्राम सोना और 6.550 किलोग्राम चांदी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 12 लाख 64 हजार 50 रुपए आंकी गई है। जब्त किए गए जेवरों को सुरक्षित रख लिया गया है।

गिरफ्तार महिला आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article