Vedant Samachar

कोरबा में स्वच्छता का शंखनाद: वार्ड 45 और 48 में मेगा ड्राइव, आयुक्त ने किया निरीक्षण

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 19 मार्च 2026। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान के तहत गुरुवार को वार्ड क्रमांक 45 और 48 में मेगा स्वच्छता ड्राइव आयोजित की गई। इस दौरान व्यापक स्तर पर साफ-सफाई के कार्य किए गए और बस्तियों, सड़कों व नालियों की विशेष रूप से सफाई कराई गई।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने दोनों वार्डों का दौरा कर गली-गली पैदल भ्रमण किया और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वार्डवासियों से सीधे संवाद कर साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान परसाभांठा बस्ती में तीन स्थानों पर जल निकासी की समस्या को देखते हुए नाली निर्माण के लिए तत्काल प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

मेगा ड्राइव के दौरान नालियों की सफाई, स्लैब हटाकर गाद निकालना, सड़कों के किनारे जमी धूल-मिट्टी हटाना, झाड़ियों की सफाई, कचरा उठाव व परिवहन तथा कीटनाशक और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को सी एंड डी वेस्ट, अतिक्रमण, अवैध कब्जा और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

दौरे के दौरान आयुक्त ने यह भी सुनिश्चित किया कि घर-घर से नियमित कचरा संग्रहण हो रहा है या नहीं। वार्डवासियों ने बताया कि स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन समय पर पहुंचकर सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र कर रही हैं।

आयुक्त श्री पाण्डेय ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें। उन्होंने सभी से स्वच्छता महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

नगर निगम के अनुसार 20 मार्च को वार्ड क्रमांक 8 मोतीसागरपारा और वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया में भी विशेष मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

Share This Article