मुंबई, 19 मार्च, 2026: आपसी सौहार्द्र, साझेदारी और मिलकर खुशियाँ मनाने की भावना का त्यौहार ईद हर साल अपने साथ नई उमंग और रौनक लेकर आता है। यह इबादत करने, अपनों से मिलने और खुशियाँ साझा करने का खास अवसर होता है। एण्डटीवी के कलाकारों के लिए भी ईद सिर्फ एक त्यौहार नहीं, बल्कि परिवार और अपने सेट पर मौजूद साथियों के साथ यादगार पल बिताने का मौका होता है। इसी खास मौके पर आसिफ शेख (‘भाबीजी घर पर हैं 2.0‘ के विभूति नारायण मिश्रा) और सलीम जैदी (‘भाबीजी घर पर हैं 2.0‘ के टीलू) ने अपने ईद के अनुभव और इस साल के प्लान साझा किए।
आसिफ शेख जो कि ‘भाबीजी घर पर हैं 2.0‘ में विभूति नारायण मिश्रा का किरदार निभा रहे हैं, ने कहा, “ईद मेरे लिए हमेशा से बहुत खास और भावनात्मक त्यौहार रहा है, जो प्यार, आभार और साथ रहने की भावना से भरा होता है। बचपन में ईद की शुरुआत नमाज़ से होती थी, फिर बड़ों का आशीर्वाद लेना और घर पर बनने वाले खास पकवानों का आनंद लेना। शीर खुरमा, बिरयानी और कबाब मेरे लिए हमेशा खास रहे हैं। अब समय के साथ यह त्योहार और भी बड़ा हो गया है, जिसमें परिवार के साथ-साथ दोस्त और सहकर्मी भी शामिल हो गए हैं। इस साल मैं घर पर दोस्तों के साथ एक छोटा-सा गेट-टुगेदर रखने वाला हूँ और सेट पर भी अपने सह-कलाकारों के लिए खास ईद ट्रीट प्लान कर रहा हूँ। हम सेट पर इतना समय बिताते हैं कि वह भी एक परिवार जैसा बन जाता है और वहाँ त्यौहार मनाना और भी खास हो जाता है। मेरे लिए ईद मुस्कुराहट बाँटने, रिश्तों को और मजबूत बनाने और हर किसी के साथ खुशियाँ साझा करने का त्यौहार है।“
वहीं, सलीम जैदी, ऊर्फ ‘भाबीजी घर पर हैं 2.0‘ के टिल्लू ने बताया, “ईद खुशियों, हँसी और अपनों के साथ समय बिताने का त्योहार है। बचपन में नए कपड़े पहनना, ईदी लेना और पूरे दिन दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने जाना सबसे खास होता था। मुझे आज भी सेवइयाँ और शीर खुरमा जैसे पकवानों का इंतजार रहता है। आज भी मैं ईद के मौके पर अपने दोस्तों से जरूर मिलता हूँ, क्योंकि यही समय रिश्तों को और मजबूत बनाने का होता है। इस साल मैं घर के साथ-साथ सेट पर भी ईद मनाने वाला हूँ। मैं अपने हाथों से बनी मिठाइयाँ लेकर जाऊँगा और हम पूरी टीम के साथ एक छोटा-सा जश्न मनाएँगे, जिसमें अच्छा खाना और ढेर सारी मस्ती होगी। मेरे लिए ईद का मतलब है शुक्रिया अदा करना, खुशियाँ बाँटना और यादगार पल बनाना।”
एण्डटीवी पर भरपूर मनोरंजन का आनंद उठाना न भूलें, देखिए ‘भाबीजी घर पर हैं 2.0‘ हर सोमवार से शुक्रवार, रात 10:30 बजे और सभी एपिसोड्स कभी-भी हिंदी ज़ी5 पर।
