बिलासपुर,18 मार्च (वेदांत समाचार) : बिलासपुर में एक शख्स की लाश पूजा कमरे में खून से लथपथ मिली है। उसके गले में धारदार हथियार के निशान मिले हैं। आशंका है कि तंत्र-मंत्र के चक्कर में उसका गला रेता गया है। वो कुछ देर पहले ही भीख मांग कर घर लौटा था। बीड़ी पीकर पूजा कमरे में चला गया। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। दरअसल, ग्राम जोंधरा निवासी चंदन नट (45) भीख मांगकर अपने और परिवार का गुजर-बसर करता था। रोज की तरह वो मंगलवार को भीख मांगने निकला था।
शाम करीब 6 बजे वह घर लौटा। इस दौरान अपने बड़े भाई के साथ बैठकर बीड़ी पीते हुए काफी देर तक बातचीत की। जिसके बाद भाई के जाने के बाद वह अपने घर के अंदर पूजा कमरे में चला गया। शाम करीब 7 बजे चंदन की बहू किसी काम से घर के पूजा कमरे की ओर गई। इस दौरान अंदर कमरे में चंदन खून से लथपथ पड़ा था। उसे देखकर वो चीख पड़ी। बहू की आवाज सुन उसका बेटा सुल्तान और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।
इलाज के लिए लेकर गए अस्पताल, हो चुकी थी मौत
चंदन को घायल समझकर परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने इस घटना की जानकारी पचपेड़ी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बिलासपुर से डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया गया।
हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस
रात होने की वजह से फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम नहीं पहुंच पाई है। बुधवार की सुबह टीम की मौजूदगी में घटना की बारीकी से जांच की जाएगी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी ने उसकी हत्या की है। घटना के समय घर में अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
रात होने के कारण पुलिस ने शव को घटनास्थल पर ही रखवाया है। बुधवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल, यह मामला रहस्य बना हुआ है। पुलिस को शक है कि तंत्र-मंत्र के चक्कर में यह घटना हुई होगी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
