Vedant Samachar

फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल! 72% से ज्यादा बढ़े दाम, कीमतें बढ़ने के बाद जानिए आपके शहर में क्या है रेट

Vedant Samachar
3 Min Read

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच वैश्विक तेल बाजार में जबरदस्त उथल-पुथल देखने को मिल रही है। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते संघर्ष ने कच्चे तेल की कीमतों को तेजी से ऊपर पहुंचा दिया है, जिसका असर दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल के दामों पर साफ दिख रहा है। हालांकि, अभी तक भारत में आम लोगों को आंशिक राहत बनी हुई है।

ईरान-इजरायल युद्ध का असर
23 फरवरी 2026 तक जहां वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतें सामान्य थीं वहीं युद्ध शुरू होने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 71 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गई, जो करीब 45 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी को दर्शाती है। यह उछाल वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता और आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं का संकेत है। दुनिया के कई देशों में इसका सीधा असर देखने को मिला है। अफ्रीकी देश नाइजीरिया में पेट्रोल 39.5 प्रतिशत और डीजल 62.5 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है। अमेरिका में डीजल की कीमतों में 27.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि प्यूर्टो रिको में डीजल 25.1 प्रतिशत महंगा हुआ है।

यूरोप भी इस संकट से अछूता नहीं है। जर्मनी में डीजल 25.3 प्रतिशत महंगा हुआ है, वहीं स्पेन में 25.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा बेल्जियम, डेनमार्क और फ्रांस में भी डीजल के दाम 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं। दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में स्थिति और गंभीर होती दिख रही है। लाओस में डीजल की कीमतों में 72.4 प्रतिशत का भारी उछाल आया है। वियतनाम में पेट्रोल 50 प्रतिशत और डीजल 65.8 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है, जबकि कंबोडिया में डीजल 37.3 प्रतिशत महंगा हुआ है।

दुनिया में महंगा ईंधन
भारत में फिलहाल स्थिति अपेक्षाकृत नियंत्रित है लेकिन कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का दबाव यहां भी महसूस किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि देश में आगामी चुनावों को देखते हुए फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी टाली जा सकती है। हालांकि, घरेलू स्तर पर कीमतों में हल्की बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। गाजियाबाद में पेट्रोल 94.89 रुपये प्रति लीटर और डीजल 88.03 रुपये प्रति लीटर हो गया है। नोएडा में पेट्रोल 94.90 रुपये और डीजल 88.01 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं पटना में पेट्रोल 105.34 रुपये और डीजल 91.60 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

Share This Article