Vedant Samachar

कोरबा ब्रेकिंग:घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर कटघोरा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; चार ठिकानों से सिलेंडर जब्त

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,18 मार्च 2026। कटघोरा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत घरेलू एलपीजी. सिलेंडरों के अवैध भंडारण और उनके व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। तहसीलदार कटघोरा सूर्यप्रकाश केशकर, खाद्य निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार लॉझी और हल्का पटवारी के संयुक्त जांच दल द्वारा क्षेत्र के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें चार प्रमुख स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का नियम विरुद्ध उपयोग पाया गया।


निरीक्षण के दौरान जांच दल ने अंबिकापुर रोड स्थित मो. जिशान सिद्दीकी के पास से 02 नग घरेलू सिलेंडर बरामद किए। इसी प्रकार बिलासपुर रोड स्थित पनेसर बॉडी एण्ड इंजीनियरिंग वर्क्स (संचालक गुरूदेव सिंह पनेसर) और पनेसन बॉडी बिल्डर्स एवं ऑटोलेट वर्क्स (संचालक हरबंस सिंह पनेसर) से क्रमशः 01-01 नग घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त, बस स्टैंड स्थित विष्णु होटल के संचालक अनिल साहू के पास से भी 01 नग घरेलू एल.पी.जी. सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया।

उल्लेखनीय है कि यह पूरी कार्रवाई द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश 2000 एवं गैस सिलेंडर नियम 2016 के उल्लंघन के तहत की गई है। प्रशासनिक दल द्वारा मौके पर ही विधिवत पंचनामा तैयार कर कुल 05 नग सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटतम गैस एजेंसी, मेसर्स सेवा इण्डेन, कटघोरा की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

तहसीलदार कार्यालय द्वारा इस संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं जिला कलेक्टर (खाद्य शाखा) को आगामी वैधानिक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की जांच निरंतर जारी रहेगी ताकि घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोका जा सके।

Share This Article