कोरबा,18 मार्च (वेदांत समाचार)। ग्राम पटाढ़ी स्थित कोरबा पावर लिमिटेड (अडानी) की 2×660 मेगावाट विस्तार परियोजना में कार्यरत मजदूरों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। मजदूरों और प्रबंधन के बीच जिला प्रशासन की मध्यस्थता में हुई बैठक में विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद श्रमिकों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, मजदूरों ने दैनिक वेतन वृद्धि, न्यूनतम कार्य अवधि निर्धारण, ओवरटाइम भुगतान, महीने में 26 दिन कार्य, राष्ट्रीय अवकाश सहित अन्य मांगों को लेकर 14 मार्च 2026 से कार्य बंद कर दिया था। सैकड़ों की संख्या में श्रमिक अपने ठेका कंपनी कार्यालय के पास एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जिससे पिछले तीन दिनों से परियोजना का विस्तार कार्य प्रभावित रहा।
मजदूरों का कोई अधिकृत प्रतिनिधि मंडल नहीं होने के कारण प्रारंभिक दिनों में वार्ता संभव नहीं हो पाई। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने 16 मार्च को हस्तक्षेप किया और 17 मार्च को संस्थान परिसर में श्रमिक प्रतिनिधियों, ठेका कंपनी, ठेकेदारों और प्रबंधन के बीच बैठक आयोजित कराई।
बैठक में यह सहमति बनी कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर का पालन किया जाएगा। निर्धारित समय से अधिक कार्य करने पर श्रमिकों को दोगुनी दर से ओवरटाइम भुगतान किया जाएगा। कार्य के दौरान किसी दुर्घटना या अप्रिय घटना की स्थिति में ईपीएफ अधिनियम एवं अन्य लागू श्रम कानूनों के तहत वैधानिक मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा कार्यस्थल पर आवश्यकतानुसार शौचालयों की व्यवस्था, प्रत्येक वेतन अवधि में वेतन पर्ची उपलब्ध कराने सहित अन्य सुविधाएं भी श्रम कानूनों के अनुसार सुनिश्चित की जाएंगी।
उपरोक्त मांगों पर सहमति बनने के बाद श्रमिकों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की और निर्णय लिया कि सभी श्रमिक 18 मार्च 2026 से अपने-अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित होकर कार्य शुरू करेंगे। जिला प्रशासन और प्रबंधन की पहल से परियोजना में पुनः काम शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
