Vedant Samachar

PM-राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिल रहा कैशलेस इलाज, बिलासपुर पुलिस ने की अपील

Vedant samachar
2 Min Read

बिलासपुर, 17 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की PM-RAHAT योजना के तहत बिलासपुर जिले में कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। यातायात पुलिस ने बताया कि जिले के सभी पंजीकृत अस्पतालों में यह सुविधा लागू है।

योजना के तहत दुर्घटना की तिथि से 7 दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ‘गोल्डन ऑवर’ यानी दुर्घटना के पहले एक घंटे के भीतर पीड़ित को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना है।

पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले में iRAD/eDAR से जुड़े 43 अस्पतालों में यह सुविधा दी जा रही है। उपचार प्रक्रिया के दौरान अस्पताल द्वारा मरीज का पंजीकरण TMS 2.0 पोर्टल पर किया जाता है, जिसके बाद 24 घंटे के भीतर पुलिस द्वारा सत्यापन किया जाता है। गंभीर घायलों के लिए 48 घंटे तक स्थिरीकरण उपचार की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

योजना का लाभ लेने के लिए कुछ आवश्यक शर्तें भी निर्धारित की गई हैं, जिनमें दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती, पोर्टल पर पंजीकरण और पुलिस सत्यापन अनिवार्य है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में बिलासपुर पुलिस द्वारा इस योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान और कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके और इस योजना का लाभ उठाकर उनकी जान बचाई जा सके।

Share This Article