कोरबा, 17 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में निगमायुक्त आशुतोष पाण्डेय ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संपूर्णता अभियान के तहत निर्धारित इंडिकेटर्स को दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में निगमायुक्त ने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पशुधन, कृषि और शिक्षा विभागों को अभियान के लक्ष्य समयबद्ध तरीके से हासिल करने को कहा। साथ ही जिले में धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए खाद्य अधिकारी को प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में किसान सम्मान निधि, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों की एंट्री और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने कृषि अधिकारी को जनपद सीईओ और ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीएमएचओ को आभा आईडी, आयुष्मान कार्ड, वंदन कार्ड और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) मामलों में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अपार आईडी, रेडी टू ईट, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर योजना, धरती आबा और पीएम जनमन योजना सहित आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
निगमायुक्त ने बैठक में समय-सीमा के लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानवाधिकार आयोग और कलेक्टर जनदर्शन से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसीलदारों और नगरीय निकायों के सीएमओ को भी लंबित प्रकरणों के निपटारे में तेजी लाने को कहा।
यह बैठक प्रशासनिक कार्यों में गति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
