Vedant Samachar

CG से बड़ी खबर : सेप्टिक टैंक में दम घुटने से तीन युवकों की मौत, रेस्क्यू जारी

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 17 मार्च (वेदांत समाचार)। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना Ramkrishna Care Super Speciality Hospital परिसर की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक अस्पताल के सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए अंदर उतरे थे। इसी दौरान टैंक में ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मछकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक वॉलफोर्ट सिटी के पीछे स्थित आरडीए कॉलोनी के निवासी थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सेप्टिक टैंक की गहराई लगभग 25 से 30 फीट होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

टिकरापारा थाना प्रभारी के अनुसार, प्राथमिक जांच में हादसे का कारण टैंक के अंदर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी बताया जा रहा है। फिलहाल रेस्क्यू टीम शवों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जांच की जा रही है।

Share This Article