Vedant Samachar

कोरबा निगम का पुनरीक्षित बजट एमआईसी से पारित, साधारण सभा को भेजा गया

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 17 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। नगर पालिक निगम कोरबा के वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट और वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव को मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया है। अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए निगम की साधारण सभा को अग्रेषित किया गया है।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार स्थित एमआईसी कक्ष में नवगठित मेयर इन काउंसिल की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति दी गई।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को भी मंजूरी प्रदान की गई। इसके अलावा पेनल वकील की नियुक्ति, जाति उद्घोषणा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की नियुक्ति, पालना घर संचालन, जल प्रदाय व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई।

विकास कार्यों के तहत जल आवर्धन फेस-2 में 29 एमएलडी जल उपचार संयंत्र के संचालन-संधारण, वीर सावरकर भवन के आवंटन, शहर की सड़कों के डामरीकरण के लिए करीब 5 करोड़ 93 लाख रुपये के प्रस्ताव, बुधवारी बाजार पुनर्विकास परियोजना, बरबसपुर क्षेत्र में सीबीजी प्लांट से जुड़े निर्माण कार्य और स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट व्यवस्था को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में निगम के एमआईसी सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक को शहर के विकास कार्यों और योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article