पेंड्रा, 17 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में गर्मी की शुरुआत के साथ ही मरवाही वनमंडल के जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ने लगी हैं। जंगलों में लगी आग से जहां वन्यजीवों के जीवन पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं छोटे पेड़-पौधों और वन संपदा को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। लगातार लग रही आग से जंगलों को व्यापक क्षति की आशंका जताई जा रही है, जिससे वन विभाग की चिंता भी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मरवाही वनमंडल के गौरेला परिक्षेत्र अंतर्गत तरईगांव के पास स्थित राम वन क्षेत्र में आग लगी हुई है। करीब 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में फैली इस आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे सूखी घास, झाड़ियां और छोटे पौधे जलकर नष्ट हो रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जंगलों में लगने वाली आग से वन्यजीवों के सुरक्षित ठिकाने भी प्रभावित हो रहे हैं। कई बार छोटे वन्यजीवों के नुकसान की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया गया, तो जंगल के बड़े हिस्से को भारी नुकसान हो सकता है।
इधर वन विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में होने का दावा किया है। मरवाही वनमंडल की डीएफओ ग्रीष्मी चांद ने बताया कि वनमंडल के कुछ क्षेत्रों में आग की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है। आग की सूचना मिलते ही टीम को तुरंत मौके पर भेजा जाता है।
उन्होंने बताया कि फायर वॉचर और बीट गार्ड की मदद से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही बढ़ती गर्मी और सूखे मौसम को देखते हुए जंगलों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वन विभाग का कहना है कि अन्य वनमंडलों की तुलना में मरवाही में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन आग की आशंका को देखते हुए निगरानी लगातार जारी है।
