खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही पैलेस परिसर में हड़कंप मच गया। साथी जवानों ने तत्काल घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38) के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का निवासी बताया जा रहा है। घटना सोमवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच की बताई जा रही है। मामले की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावर ने की है।
जानकारी के अनुसार घटना उदयपुर पैलेस परिसर में हुई, जहां राजपरिवार की संपत्ति होने के कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहती है। पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद से राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद को देखते हुए प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। दोनों परिसरों की सुरक्षा के लिए CAF के जवानों की तैनाती की गई है और अलग-अलग शिफ्ट में उनकी ड्यूटी लगाई जाती है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को भी जवान कृपाचंद सोनवानी अपनी नियमित ड्यूटी पर मौजूद था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य जवानों ने देखा कि वह जमीन पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद पर फायर कर लिया था।
साथी जवानों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से तनाव में दिखाई दे रहा था। बताया जा रहा है कि वह रविवार को ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने पूरे परिसर को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और जवान के साथियों व अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
