रायगढ़, 16 मार्च (वेदांत समाचार) : रायगढ़ जिले में बाइक सवार सरपंच निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के गड्ढे में गिर गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रात में घर लौटते समय हादसा हुआ, सुबह ग्रामीणों ने शव देखा। घटना तमनार थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक ग्राम रेगांव के सरपंच जेगराम भगत रविवार को अपने किसी रिश्तेदार के घर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात में वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान ढोलनारा गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के गड्ढे में गिर गई। हादसे के बाद जेगराम भगत रातभर वहीं पड़े रहे और उनकी मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने रेलवे की ठेका कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वहां न तो डायवर्सन बनाया गया था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।
