कोरबा,16 मार्च (वेदांत समाचार)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते देश में एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। इसका असर अब कोरबा जिले में भी दिखाई देने लगा है। शहर की तीनों गैस एजेंसियों में गैस सिलेंडर का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो गया है। एजेंसियों में गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को खाली सिलेंडर लेकर बैरंग लौटना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि गैस एजेंसियों के दफ्तर और गोदाम तक बंद हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर सिलेंडर नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को भटकना पड़ रहा है। जिन परिवारों की रसोई में गैस खत्म हो चुकी है, उनके सामने खाना बनाने की समस्या खड़ी हो गई है।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने बुधवार को जिले में घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध होने और किसी प्रकार की कमी नहीं होने का दावा किया था, लेकिन बॉटलिंग प्लांट से पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने के कारण शहर की सभी गैस एजेंसियों में स्टॉक खत्म हो गया है।
इधर गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच बुकिंग व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। मोबाइल कॉल और ऑनलाइन माध्यम से गैस बुकिंग की सुविधा ठप हो गई है। गैस कंपनियों के सर्वर डाउन होने से उपभोक्ता बुकिंग तक नहीं कर पा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार पेट्रोलियम कंपनियां एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल ने गैस एजेंसियों को फिलहाल सिलेंडरों की आपूर्ति की स्थिति सामान्य नहीं होने की जानकारी देते हुए नए सिलेंडरों की बुकिंग नहीं लेने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते एजेंसियों में पहुंचने वाले उपभोक्ताओं की बुकिंग भी रोक दी गई है।
उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी
गैस नहीं मिलने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। शहर के निवासी रमेश साहू ने बताया कि दो दिनों से गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार स्टॉक खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है।
वहीं सुनीता देवी ने कहा कि घर की रसोई में गैस खत्म हो गई है और नया सिलेंडर नहीं मिलने से खाना बनाने में काफी परेशानी हो रही है।
इसी तरह महेश कुमार ने बताया कि मोबाइल और ऑनलाइन बुकिंग भी बंद है, जिससे लोगों को समझ नहीं आ रहा कि गैस सिलेंडर आखिर कब मिलेगा।
गैस की कमी और बुकिंग बंद होने से शहर के हजारों उपभोक्ता परेशानी झेल रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य होगी और स्थिति में सुधार आएगा।
