खाई में गिरी बारातियों से भरी मैक्स, 14 की मौत…

चंपावत22 फ़रवरी (वेदांत समाचार)। उत्तराखंड के चंपावत में सोमवार को एक बड़ी अनहोनी हो गई है। चंपावत जिले के डांडा क्षेत्र में सोमवार रात बरात से लौट रहा एक वाहन खाई में गिरा, जिसमें 14 बरातियों की मौत हो गई। चंपावत से करीब 65 किमी दूर इस स्थान पर एक परिवार में शादी थी। हादसे की सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर वाहन दुर्घटना में 16 में से 14 लोगों की मौत हो गई।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन संख्या-यूके 04,टीए- 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बीती रात 3 बजकर 20 मिनट के आस-पास मैक्स अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सभी लोग ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होने गए थे। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई।

सभी 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। इनमें से चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। माना यह जा रहा है कि मैक्स में क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना हुई है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मैक्स दुर्घटना में घायल दो लोगों की हुई पहचान
सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर हुई मैक्स दुर्घटना में घायल दो लोगों की पहचान हो गई है। घायलों में प्रकाश राम (28) पुत्र हरीश राम, निवासी साल विकास खंड पाटी एवं त्रिलोक राम (42) पुत्र टीका राम, निवासी डाडा ककनई शामिल हैं। प्रकाश राम चालक है। मैक्स वाहन भी प्रकाश राम का ही बताया जा रहा है। घायलों का उपचार अभी भी जिला अस्पताल में ही चल रहा है। मैक्स में 16 लोग सवार थे। जिनमें से 13 शवों को बरामद कर लिए जाने की खबर है। मृतकों में लक्ष्मण सिंह 61 पुत्र ध्यान सिंह, केदार सिंह 62 पुत्र दान सिंह, ईश्वर सिंह 40 पुत्र फतेह सिंह, उमेद सिंह 48 पुत्र गणेश सिंह, हयात सिंह 37 पुत्र दिवान सिंह, पुष्पा देवी 50 पत्नी शेर सिंह (सभी ककनई गांव) पुनी देवी 55 पत्नी नारायण सिंह, भगवती देवी 45 पत्नी होशियार सिंह (दोनों हल्द्वानी), बसंती देवी 35 (चंपावत), श्याम लाल 50 पुत्र दनी राम और विजय लाल 48 पुत्र ईश्वरी राम (दोनों डांडा) शामिल हैं। पुलिस और स्थानीय लोग खाई में अभी भी रेसक्यू अभियान चला रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शवों का पीएम मौके पर ही किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। खाई से मिले शवों की पहचान करने में अभी कुछ घंटों का वक्त और लग सकता है।