बजरंग दाल के कार्यकर्ता की चाक़ू मारकर हत्या…

शिवमोगा 21 फ़रवरी (वेदांत समाचार)। हिजाब विवाद के बीच कर्नाटक के शिवमोगा में बजरंग दल के कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस इस मामले को हिजाब विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि, पुलिस सीधे तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया है, जिसके चलते पुलिस और भी ज्यादा सक्रिय हो गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है। वहीं 26 वर्षीय बजरंग दल कार्यकर्ता की पहचान हर्षा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि, हर्षा ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ पोस्ट लिखी थी। उन्होंने भगवा शॉल का समर्थन किया था।

बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के बाद शिवमोगा में तनाव बढ़ गया है। कई कार्यकर्ता हत्या के बाद अस्पताल पहुंच गए और घटना का विरोध जताने लगी। तनाव बढ़ता देख पूरे शिवमोगा में धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं स्कूल व कॉलेजों को भी बंद कर दिया गया है। इस बीच कर्नाटक के गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के पीछे चार से पांच युवकों के समूह के होने की बात आई है। उन्होंने कहा कि, ये लोग किसी संगठन से थे या नहीं, इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो पाई है। आगे कहा कि, कानून-व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए एहतियात के तौर पर शिवगोमा में स्कूल व कॉलेजों को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।