Vedant Samachar

ज्वेलरी दुकान से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाली महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख से ज्यादा का माल बरामद

Vedant samachar
4 Min Read

रायपुर, 14 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में खरीदारी के बहाने चोरी करने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 5.33 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक सोने का रानी हार खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे। दुकान में उस समय संचालक के पुत्र भी मौजूद थे। दोनों को सोने का हार और अन्य जेवर दिखाए गए।

खरीदारी के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, चांद बाली, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया पहन ली और यह कहकर बाहर चली गई कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह एक और हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान से बाहर निकल गई और वापस नहीं लौटी। इस पर दुकान संचालक और उनके पुत्र को संदेह हुआ।

दुकान में मौजूद युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पकड़ लिया गया। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत केस दर्ज किया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देश पर टिकरापारा थाना पुलिस की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने दुर्ग पुलिस के सहयोग से फरार महिला आरोपी को दुर्ग शहर से चोरी किए गए जेवरों सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली की एक जोड़ी, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल की एक जोड़ी, चांदी की बिछिया की तीन जोड़ी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश्वरी साहू (35) निवासी बजरंग चौक के पास, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा और मेषराम साहू (21) निवासी ग्राम बिरोदा, थाना अभनपुर, जिला रायपुर शामिल हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में टिकरापारा थाना के उपनिरीक्षक बालेश्वर लहरे, प्रधान आरक्षक दानेश्वर साहू, महिला प्रधान आरक्षक सरोज वर्मा, आरक्षक सुरजीत सेंगर, राजेश सिंह, अरुण ध्रुव, सुदर्शन राजपूत और महिला आरक्षक पुष्पलता परस्ते सहित दुर्ग पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article