राजनांदगांव,14 मार्च (वेदांत समाचार)। मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए दो युवकों ने बाजार क्षेत्र में भटक रही एक मासूम बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए राजनांदगांव पुलिस ने दोनों युवकों को सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, कल दोपहर करीब 2 बजे बाजार क्षेत्र में अरशद खान और राजा खान को लगभग डेढ़ वर्ष की एक बालिका रोते हुए और अकेले भटकती हुई दिखाई दी। दोनों युवकों ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को अपने साथ लिया, उसे शांत कराया और उसकी सुरक्षा का ध्यान रखा।

इसके बाद उन्होंने चिखली थाना में पदस्थ आरक्षक से जानकारी लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया और बच्ची को विधिवत रूप से चाइल्ड वेलफेयर टीम के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बच्ची के परिजनों का पता लगाकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया और बाद में उसे सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता को सौंप दिया।
इस मानवीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने राजनांदगांव पुलिस की ओर से अरशद खान और राजा खान को सम्मानित कर पुरस्कृत किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मानवीय कार्य समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं तथा अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करते हैं।

