Vedant Samachar

रायपुर में शाही रोजा इफ्तार, हजारों रोजेदार हुए शामिल…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,14 मार्च (वेदांत समाचार) । पवित्र रमजान माह के 23वें रोजे पर नेताजी सुभाष स्टेडियम में भव्य शाही रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों रोजेदारों ने एक साथ रोजा खोला। इस कार्यक्रम का आयोजन हुसैनी सेना द्वारा किया गया, जिसमें सर्वसमाज के प्रमुख लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के आयोजक राहिल रऊफी ने इफ्तार में आने वाले रोजेदारों और अतिथियों का स्वागत किया। इफ्तार कार्यक्रम की खास बात 400 फीट लंबा दस्तरखान रहा, जिसमें एक साथ करीब 500 लोग बैठकर रोजा खोल सकते थे। इस तरह कुल 15 दस्तरखान लगाए गए थे, जिनमें हजारों लोगों ने एक साथ इफ्तार किया। इफ्तार में प्रमुख रूप से डॉ सलीम राज, सरदार अमरजीत सिंह छाबड़ा, मिर्जा एजाज बेग, मखमूर इकबाल खान सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सिख समाज, क्रिश्चियन समाज और सिंधी समाज के कई प्रमुख लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

इफ्तार के बाद नमाज मौलाना अब्दुल रज्जाक ने अदा कराई और देश-प्रदेश में अमन, भाईचारा और तरक्की की दुआ की गई। नमाज के बाद इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों के नाम फातिहा पढ़ी गई।

कार्यक्रम का संचालन मौलाना जहीरुद्दीन ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में रोजेदारों के साथ सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। यह शाही रोजा इफ्तार शहर में आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बनकर सामने आया।

Share This Article