Vedant Samachar

अजिंक्य रहाणे ने छोड़ी KKR की कप्तानी? IPL 2026 से पहले इस्तीफे की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल

Vedant Samachar
4 Min Read

नईदिल्ली ,13मार्च : कुछ ही दिनों में आईपीएल का 19वां सीजन भी शुरू हो जाएगा और फिर 2 महीने तक 10 टीमों के बीच खिताब की जंग चलती रहेगी. IPL 2026 सीजन शुरू होने से पहले हर टीम ने कुछ न कुछ बदलाव किए हैं, चाहे वो स्क्वॉड में हो या कोचिंग स्टाफ में. वहीं राजस्थान रॉयल्स ने तो अपना कप्तान भी बदला है. इन सबके बीच कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी में भी परिवर्तन की अटकलें और अफवाहें लगातार उड़ती रही हैं. अब टूर्नामेंट शुरू होने से करीब दो हफ्ते पहले ही अचानक KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे के हटने का दावा हो रहा है और इसकी वजह बना है एक सोशल मीडिया पोस्ट, जिसमें रहाणे ने कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है.

रहाणे का इस्तीफा वायरल
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक अकाउंट से दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के नाम से एक बयान पोस्ट किया गया है. ये बयान का रहाणे के इंस्टाग्राम अकाउंट से लिया गया मालूम होता है. इसमें लिखा है, “कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करना और मैच जीतना एक सम्मान की बात रही. अब नया घरेलू सीजन आ रहा है, मुझे लगता है कि यही सही वक्त है, जब एक नए लीडर को तैयार किया जाए और इसलिए मैंने कप्तानी जारी नहीं रखने का फैसला किया है.”

इस बयान के ऊपर ही 12 मार्च 2026 की तारीख भी लिखी हुई है और इसने सोशल मीडिया पर हर किसी को हैरान कर दिया. तो क्या वाकई में KKR की कप्तानी में बदलाव हुआ है? क्या ये बयान सच है? जी नहीं, ये बिल्कुल भी सच नहीं है. न तो रहाणे और न ही KKR ने इस तरह का कोई ऐलान किया है. रहाणे के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बने अकाउंट चेक करने पर पता चला है कि उन्होंने ऐसा कोई भी बयान पोस्ट नहीं किया और न ही कप्तानी छोड़ी है.

क्या है वायरल पोस्ट का सच?
यानि रहाणे के कप्तानी छोड़ने के ऐलान वाला ये बयान पूरी तरह फेक है. इस बयान की सच्चाई सिर्फ इतनी है कि रहाणे ने इस तरह का ऐलान पिछले साल किया था लेकिन वो IPL की कप्तानी नहीं, बल्कि घरेलू क्रिकेट में मुंबई की टीम की कप्तानी छोड़ने को लेकर किया था. तब रहाणे ने जो लिखा था, उसकी भाषा और इस फेक पोस्ट की भाषा एक जैसी है. बस असली बयान को एडिट कर उसमें मुंबई की जगह कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम लिख दिया गया है.

रहाणे ही KKR के कप्तान
रहाणे को पिछले सीजन में ही टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था, जब 2024 मेंं खिताब जिताने वावे कप्तान श्रेयस अय्यर ने मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स का दामन थाम लिया था. हालांकि, रहाणे की कप्तानी में KKR को पिछले सीजन जैसी सफलता नहीं मिली. टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी. मगर इसके बावजूद इस सीजन में भी रहाणे ही टीम की कमान संभालेंगे, जहां KKR का पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेडे स्टेडियम में खेला जाएगा.

Share This Article