Vedant Samachar

कोरबा में रसोई गैस को लेकर प्रशासन अलर्ट: अफवाहों से बचने की अपील, अवैध भंडारण व ब्लैक मार्केटिंग पर होगी सख्त कार्रवाई

Vedant samachar
1 Min Read

कोरबा, 11 मार्च 2026। जिले में रसोई गैस की संभावित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग तिथि के अनुक्रम में फर्स्ट कम–फर्स्ट सर्व के आधार पर और ओटीपी ऑथेंटिकेशन के जरिए ही की जाए। बिना ओटीपी के किसी भी स्थिति में सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होगी और 25 दिनों से पहले दोबारा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने एलपीजी सिलेंडर के अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग और अधिक कीमत पर बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल अधिकृत शासकीय स्रोतों से ही करें।

Share This Article