नई दिल्ली,10 मार्च: आमतौर पर युद्ध और जियोपॉलिटिकल तनाव के समय सोना और चांदी निवेशकों के लिए सुरक्षित विकल्प माने जाते हैं। लेकिन इस बार ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष के बावजूद सोने और चांदी की कीमतें लगातार गिर रही हैं। बाजार में अचानक गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है।
गोल्ड में लगातार गिरावट
पिछले चार दिनों तक स्थिर रहने के बाद दिल्ली में सोने के भाव लगातार दूसरे दिन नीचे आए। राजधानी में 24 कैरेट सोने का 10 ग्राम भाव 10 रुपये घटकर 1,61,820 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव भी 10 रुपये घटकर 1,48,340 रुपये पर बंद हुआ। दो दिनों में कुल मिलाकर 24 कैरेट सोना 1,970 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,810 रुपये सस्ता हुआ है।
शहरवार सोने के भाव
देश के 10 बड़े शहरों में सोने के दाम अलग-अलग हैं। दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में 24 कैरेट सोना 1,61,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है, जबकि चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,63,080 रुपये में उपलब्ध है। 22 कैरेट सोने का भाव दिल्ली में 1,48,340 रुपये और चेन्नई में 1,49,490 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 18 कैरेट सोना चेन्नई में सबसे महंगा 1,29,990 रुपये है, जबकि अन्य शहरों में यह करीब 1,21,250 रुपये – 1,21,400 रुपये में बिक रहा है।
चांदी के भाव में कमी
चांदी की कीमत भी पिछले चार दिनों की स्थिरता के बाद लगातार गिर रही है। दिल्ली में प्रति किग्रा चांदी 100 रुपये घटकर 2,79,900 रुपये में बिक रही है। मुंबई और कोलकाता में भी यही भाव है। चेन्नई में चांदी सबसे महंगी है, जो 2,89,900 रुपये प्रति किग्रा बिक रही है। इस गिरावट ने खरीदारों के सस्ते होने की उम्मीदों को बढ़ा दिया है।
गिरावट की मुख्य वजह
सोना और चांदी गिरने की मुख्य वजह अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। डॉलर मजबूत होने पर सोने की मांग कम होती है और कीमतें दबाव में आ जाती हैं। इसके अलावा मुनाफावसूली और सुरक्षित निवेश के विकल्प बढ़ने से भी सोने और चांदी की चमक कम हुई है। वैश्विक स्तर पर ऊंची ब्याज दरें भी बॉन्ड और अन्य एसेट्स को आकर्षक बनाकर सोने की कीमतों पर दबाव डाल रही हैं।
