Vedant Samachar

छत्तीसगढ़: पुलिस ने जैन मंदिर की दानपेटी से रुपए चोरी करने वाले दो आरोपी को किया गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,07 मार्च (वेदांत समाचार)। खरसिया क्षेत्र में स्थित जैन मंदिर की दानपेटी से रुपए चोरी करने वाले दो आरोपियों को खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में से एक हाल ही में चोरी के मामले में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था, जिसने बाहर आते ही अपने साथी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सराफा लाइन वार्ड नंबर 11 खरसिया निवासी राजेन्द्र मेहता ने 6 मार्च 2026 को पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कॉन्वेंट स्कूल के पास स्थित सामाजिक श्वेतांबर जैन मंदिर में जब वह सुबह पूजा करने पहुंचे तो मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दानपेटी का ताला भी टूटा हुआ मिला और उसमें रखे करीब 5 से 6 हजार रुपये गायब थे। अज्ञात चोरों द्वारा रात में दानपेटी से रुपए चोरी कर लिए गए थे।

मामले की शिकायत पर पुलिस चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में अपराध क्रमांक 93/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 (ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना की पतासाजी शुरू की और इलाके के संदेहियों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पूर्व में मंदिर चोरी के मामलों में शामिल रहे संदेही देव उर्फ देवा श्रीवास और उसके साथी मोनू चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मंदिर की दानपेटी से रुपए चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी देव उर्फ देवा श्रीवास के मेमोरेंडम के आधार पर उसके कब्जे से 900 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त एक छोटा लोहे का रॉड बरामद किया गया। वहीं आरोपी मोनू चौहान के कब्जे से भी 900 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक मनोज मरावी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक मुकेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थलों में चोरी जैसे अपराधों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और पुराने चोर-बदमाशों पर पुलिस की लगातार नजर रखी जा रही है।

Share This Article