Vedant Samachar

स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए संकल्पित है विष्णुदेव सरकार : मंत्री लखनलाल देवांगन

Vedant samachar
4 Min Read

कोरबा। शासकीय स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही राज्य सरकार के प्रयासों के तहत नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने शुक्रवार को 32 विद्यालयों में बालक-बालिका शौचालय निर्माण और 21 विद्यालयों में किचन शेड निर्माण सहित कुल 3.08 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

कोरबा विधानसभा क्षेत्र के दर्री जोन स्थित शासकीय स्कूल अगारखार के पास आयोजित कार्यक्रम में मंत्री देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत सहित अन्य अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक की शैक्षणिक संस्थाओं में अधोसंरचना को मजबूत करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से शासकीय स्कूलों में नए भवन, बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, किचन शेड तथा सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जा रहा है।

इसके बाद कोसाबाड़ी जोन अंतर्गत सीएसईबी कोरबा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने कहा कि सुशासन की सरकार में कोरबा नगर सहित पूरे जिले का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर बच्चों में भारतीय संस्कृति और संस्कारों का बोध कराते हुए उन्हें योग्य नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यहां से शिक्षित छात्र जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में समाज का नेतृत्व करते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के हर पैमाने पर खरा उतर रही है। उन्होंने बताया कि मंत्री देवांगन के मार्गदर्शन में शहर में सीसी रोड, नाली, पेयजल, स्वच्छता तथा स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवनों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। शहर के 10 नालों को जोड़कर एसटीपी प्लांट के माध्यम से पानी के ट्रीटमेंट की योजना पर भी तेजी से कार्य हो रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने सरकार और मंत्री देवांगन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कई स्कूलों में शौचालय नहीं होने से बच्चों को काफी परेशानी होती थी। इन विकास कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के दर्री जोन में 32 शासकीय विद्यालयों में बालक-बालिका शौचालय निर्माण (लागत 1.60 करोड़ रुपये) तथा 21 विद्यालयों में किचन शेड निर्माण (73 लाख रुपये) के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा कोसाबाड़ी जोन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 19 स्थित सीएसईबी के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में अतिथि भवन निर्माण (लगभग 25 लाख रुपये), वार्ड क्रमांक 22 में सड़क एवं शेड निर्माण (10 लाख रुपये), वार्ड क्रमांक 24 नेहरू नगर के मुख्य मार्ग में ग्रीन बेल्ट निर्माण (30 लाख रुपये) तथा वार्ड क्रमांक 21 (पूर्व वार्ड 19) स्थित गायत्री यज्ञपीठ सीएसईबी कॉलोनी में अतिरिक्त भवन निर्माण व जीर्णोद्धार (लगभग 10 लाख रुपये) के कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर विद्या भारती मध्य क्षेत्र के उपाध्यक्ष जुडावान सिंह ठाकुर, नगर संघचालक अशोक तिवारी, जिला कार्यवाह कैलाश नाहक, नगर कार्यवाह मृगेश यादव सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, स्कूल प्रबंधन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article