Vedant Samachar

रूस से तेल खरीदने के लिए अमेरिका ने भारत को 30 दिन की छूट दी…

Vedant Samachar
2 Min Read

वॉशिंगटन/नई दिल्ली ,06 मार्च। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने के मामले में भारत को 30 दिनों की अस्थायी छूट दी है। लंबे समय से अमेरिका भारत पर रूसी तेल खरीद बंद करने का दबाव बना रहा था, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उसने यह फैसला लिया है।

अमेरिका के वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि वैश्विक बाजार में तेल की सप्लाई बनाए रखने के लिए अमेरिकी वित्त विभाग भारतीय रिफाइनरियों को 30 दिनों तक रूसी तेल खरीदने की अनुमति दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह अस्थायी कदम सिर्फ उन लेन-देन के लिए है, जिनसे जुड़े तेल टैंकर पहले से ही समुद्र में मौजूद हैं। स्कॉट बेसेंट ने यह भी कहा कि भारत अमेरिका का एक अहम साझेदार है और उम्मीद है कि नई दिल्ली भविष्य में अमेरिकी तेल की खरीद बढ़ाएगी। उनके मुताबिक यह फैसला वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहे दबाव को कम करने के लिए लिया गया है।

गौरतलब है कि भारत के लिए कच्चे तेल की आपूर्ति का बड़ा हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते आता है। वहीं ईरान से जुड़े हालिया तनाव के कारण इस मार्ग पर असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में वैश्विक तेल बाजार में अस्थिरता से बचने के लिए अमेरिका ने भारत को यह अस्थायी राहत दी है।

Share This Article