Vedant Samachar

शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुंगेली से पकड़कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 05 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को साइबर तकनीक की मदद से जिला मुंगेली से पकड़कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी कोमल प्रसाद (29 वर्ष), निवासी मानपुर थाना फास्टरपुर जिला मुंगेली, ने उससे शादी का झांसा देकर लगातार दैहिक शोषण किया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पामगढ़ थाना में 18 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 74/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

मामला दर्ज होने के बाद आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और साइबर तकनीकी के माध्यम से उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने जिला मुंगेली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पामगढ़ थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में सउनि संतोष बंजारे, रावघवेंद्र और भुवनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article