चंडीगढ़। इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (आईआईएसईआर) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट (आईएटी) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 5 मार्च 2026 से प्रारंभ हो गया है। आईएटी परीक्षा 7 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। सभी सात आईआईएसईआर संस्थानों में अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम में प्रवेश के लिए अब केवल आईएटी स्कोर को ही आधार बनाया जाएगा और जेईई स्कोर के आधार पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आईआईएसईआर द्वारा आयोजित यह परीक्षा देश के सात प्रमुख संस्थानों — बरहामपुर, भोपाल, कोलकाता, मोहाली, पुणे, तिरुवनंतपुरम और तिरुपति — में प्रवेश का एकमात्र माध्यम है। विज्ञान विषयों में उच्च शिक्षा और शोध के इच्छुक विद्यार्थी आईएटी के माध्यम से इन संस्थानों में दाखिला ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://www.iiseradmission.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वेबसाइट पर परीक्षा केंद्रों और अन्य आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आईआईएसईआर की स्थापना भारत सरकार ने देश में आधारभूत विज्ञान की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की है। ये संस्थान देश के प्रमुख स्वायत्त शैक्षणिक संस्थानों में शामिल हैं। यहां विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शोध, आधुनिक प्रयोगशालाओं, इंडस्ट्री सहयोग और अंतरराष्ट्रीय एक्सचेंज कार्यक्रमों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलता है। आईआईएसईआर से पढ़ाई करने वाले छात्र दुनिया की प्रमुख कंपनियों, रिसर्च संस्थानों और पीएचडी कार्यक्रमों में अपनी पहचान बना रहे हैं।

आईएटी 2026 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का विज्ञान संकाय से कक्षा 12 या समकक्ष परीक्षा वर्ष 2024, 2025 या 2026 में पास होना आवश्यक है। इसके साथ ही कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग वर्ग के लिए यह न्यूनतम अंक 55 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को बायोलॉजी, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स और फिजिक्स में से कम से कम तीन विषयों का अध्ययन करना अनिवार्य है। कुछ विशेष कार्यक्रमों जैसे कम्प्यूटेशनल और डेटा साइंस, इकोनॉमिक साइंस और स्टैटिस्टिकल साइंस के लिए मैथमेटिक्स विषय अनिवार्य रखा गया है।
आरक्षण भारत सरकार की नीति के अनुसार लागू होगा, जिसमें अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत, ओबीसी-एनसीएल के लिए 27 प्रतिशत, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 10 प्रतिशत और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 5 प्रतिशत सीटें आरक्षित होंगी। कश्मीरी माइग्रेंट विद्यार्थियों के लिए सुपरन्यूमरेरी सीटों का भी प्रावधान किया गया है।
उम्मीदवारों की सुविधा के लिए आईआईएसईआर ने हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी की है। अभ्यर्थी कार्यदिवसों में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच फोन नंबर +91 7205457461 पर संपर्क कर सकते हैं या [email protected] पर ईमेल के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आईएटी 2026 की महत्वपूर्ण तिथियों के अनुसार आवेदन पोर्टल 5 मार्च 2026 को खुल गया है और 13 अप्रैल 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। 16 से 18 अप्रैल 2026 के बीच आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर दिया जाएगा। 24 मई 2026 को परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे, जबकि आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट 7 जून 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा।
आईआईएसईआर संस्थानों के निदेशकों का कहना है कि इन संस्थानों में छात्रों को विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में गहन शोध और अध्ययन का अवसर मिलता है। यहां का इंटरडिसिप्लिनरी शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के लिए प्रेरित करता है। साथ ही खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
आईआईएसईआर संस्थान अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, उत्कृष्ट फैकल्टी और शोध सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच प्रदान करते हैं, जहां वे विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में नई खोज और नवाचार कर सकें। यही कारण है कि इन संस्थानों से पढ़े छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान, अनुसंधान, उद्योग और शिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

