Vedant Samachar

iPhone 17e की कीमत में मिल रहा iPhone 16, किसको खरीदना है पैसा वसूल?

Vedant Samachar
4 Min Read

टेक दिग्गज एपल ने हाल ही में भारत में अपने नए iPhone 17e को लॉन्च किया है. यह फोन 64,900 रुपये की शुरुआती कीमत पर आता है. दिलचस्प बात यह है कि 2024 का iPhone 16 भी लगभग इसी कीमत पर बाजार में उपलब्ध है. ऐसे में खरीदारों के सामने बड़ा सवाल है कि लेटेस्ट मॉडल लें या दो कैमरे वाला फ्लैगशिप फोन खरीदें. दोनों फोन दमदार कैमरा, OLED डिस्प्ले और प्रीमियम डिजाइन के साथ आते हैं, लेकिन असली फर्क परफॉर्मेंस, फीचर्स और स्टोरेज में छिपा है. अगर आप करीब 65 हजार रुपये खर्च करने की सोच रहे हैं, तो यह तुलना आपके लिए फैसला आसान कर सकती है.

कीमत और स्टोरेज का खेल
iPhone 17e का 256GB वेरिएंट भारत में 64,900 रुपये में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है. वहीं iPhone 16 का 128GB मॉडल Vijay Sales पर लगभग इसी कीमत में मिल रहा है और बैंक ऑफर्स के साथ कीमत और कम हो सकती है. यानी समान कीमत पर iPhone 17e दोगुना स्टोरेज देता है, जो लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ा फायदा हो सकता है. हालांकि iPhone 16 में कम स्टोरेज के बावजूद फ्लैगशिप फील बरकरार है.

परफॉर्मेंस में कौन आगे
iPhone 17e में Apple का नया A19 चिप दिया गया है, जो बेहतर स्पीड और एफिशिएंसी का दावा करता है. यह फोन को ज्यादा फ्यूचर-रेडी बनाता है, खासकर उन यूजर्स के लिए जो 3-4 साल तक फोन चलाना चाहते हैं. दूसरी तरफ iPhone 16 में A18 चिप है, जो भले एक जनरेशन पुराना हो, लेकिन रोजमर्रा के काम, गेमिंग, सोशल मीडिया और वीडियो स्ट्रीमिंग में अभी भी बेहद स्मूद परफॉर्म करता है. आम यूजर को दोनों में रोजमर्रा इस्तेमाल में बहुत बड़ा फर्क शायद महसूस न हो.

किसका कैमरा ज्यादा दमदार
दोनों फोन में 48MP का प्राइमरी कैमरा मिलता है, जिससे फोटो क्वालिटी शार्प और कलर सटीक मिलते हैं. लेकिन iPhone 16 यहां बढ़त लेता है क्योंकि इसमें 12MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी मिलता है, जो iPhone 17e में नहीं मिलता है. iPhone 17e में नया प्रोसेसर बेहतर इमेज प्रोसेसिंग देता है, जिससे फोटो क्वालिटी में हल्का सुधार देखने को मिल सकता है. फिर भी वर्सेटाइल फोटोग्राफी के मामले में iPhone 16 का ड्यूल कैमरा सेटअप ज्यादा उपयोगी साबित होता है.

डिस्प्ले और डिजाइन: प्रीमियम फील किसमें
दोनों फोन में 6.1 इंच OLED डिस्प्ले दिया गया है और दोनों ही 60Hz रिफ्रेश रेट पर चलते हैं. हालांकि iPhone 16 में पीक ब्राइटनेस थोड़ी ज्यादा है, जिससे धूप में स्क्रीन देखना आसान हो जाता है. डिजाइन की बात करें तो दोनों में Apple का फ्लैट-एज प्रीमियम लुक मिलता है. लेकिन iPhone 16 में Dynamic Island और ड्यूल कैमरा मॉड्यूल जैसी फ्लैगशिप पहचान मौजूद है, जो इसे ज्यादा प्रीमियम महसूस कराती है.

आखिर किसे खरीदना समझदारी होगी
अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा स्टोरेज, नई चिप और लंबी अवधि तक बेहतर परफॉर्मेंस है, तो iPhone 17e बेस्ट ऑप्शन होता है. वहीं अगर आप प्रीमियम iPhone एक्सपीरियंस, अल्ट्रा-वाइड कैमरा और Dynamic Island जैसे फीचर्स चाहते हैं, तो iPhone 16 अभी भी मजबूत दावेदार है.

Share This Article