Vedant Samachar

Janjgir-Champa Police की सख्त कार्रवाई: होली पर उपद्रव करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

Vedant samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 04 मार्च 2026। होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले आरोपियों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। थाना नवागढ़ क्षेत्र में पत्थरबाजी कर शासकीय वाहनों को क्षतिग्रस्त करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

घटना बीती रात लगभग 2:00 बजे की है, जब थाना नवागढ़ की पेट्रोलिंग टीम ग्राम राछाभाटा से सेमरा-बुढ़ेना मार्ग की ओर गश्त कर रही थी। ग्राम बुढ़ेना पहुंचने पर पुलिस टीम ने देखा कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मुख्य मार्ग पर लकड़ी और पत्थर रखकर आवागमन बाधित कर दिया गया था। पुलिसकर्मी जब मार्ग से अवरोध हटाने का प्रयास कर रहे थे, उसी दौरान घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने शासकीय वाहनों पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हमले में पुलिस के दोनों वाहनों के आगे और पीछे के शीशे टूट गए।

घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर कुछ आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पत्थरबाजी करने, शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों में अनीश यादव (19 वर्ष), साहिल यादव (21 वर्ष), राज कश्यप (19 वर्ष), सुखराम कश्यप (22 वर्ष) और परमेश्वर यादव (22 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम बूढ़ेना, थाना नवागढ़ के निवासी हैं।

आरोपियों के विरुद्ध थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 324(3), 221, 132, 191(2) तथा लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण आदित्य, प्रधान आरक्षक शिवनंदन जलतारे, आरक्षक राम सरकार, अमन राजपूत, देवराज लेसर, अभिषेक जायसवाल सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली जैसे पर्व पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article