रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में जनप्रतिनिधियों और आमजनों के साथ होली का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रंग और गुलाल लगाकर सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रंग, राग और रिश्तों की मधुर अनुभूति से सजा यह त्योहार समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों की यह छटा हर मन को प्रेम से सराबोर करे और हर आंगन में खुशियों की फुहार बनकर बरसे। मुख्यमंत्री निवास में होली के अवसर पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
वहीं राजधानी रायपुर में भी होली की खुमारी जमकर देखने को मिल रही है। सुबह से ही छोटे-छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक में उत्साह दिखाई दे रहा है। लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। गली-मोहल्लों में डीजे की धुन और नगाड़ों की थाप पर लोग नाचते-गाते हुए त्योहार का आनंद ले रहे हैं।
युवा वर्ग रंगों के इस त्योहार को सोशल मीडिया पर भी साझा कर रहा है। सेल्फी और ग्रुप फोटो लेकर लोग अपने उत्सव के पलों को यादगार बना रहे हैं। वहीं घरों में परिवार के सदस्य एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशियां बांट रहे हैं।
कोटा क्षेत्र में युवकों की टोली घर-घर जाकर होली का उत्सव मना रही है। इसके साथ ही फेयर क्षेत्र में स्थित एंटार्कटिका में भी होली सेलिब्रेशन का माहौल बना हुआ है, जहां लोग रंगों के साथ इस पर्व का आनंद ले रहे हैं।
