Vedant Samachar

धरसींवा क्षेत्र में भक्त गुहा निषाद राज जयंती पर विधायक अनुज शर्मा हुए शामिल, महतारी सदन का भूमिपूजन व लोकार्पण किया

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर/धरसींवा, 17 जनवरी (वेदांत समाचार)। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा आज क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित भक्त गुहा निषाद राज जयंती कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम तर्रा एवं गोढ़ी में निषाद समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता निभाते हुए भगवान श्रीराम के अनन्य मित्र भक्त गुहा निषाद राज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

ग्रामों में विधायक के आगमन पर निषाद समाज के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक बाजे-गाजे, फूल-मालाओं और आत्मीय स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम गोढ़ी में नवनिर्मित महतारी सदन का लोकार्पण किया, वहीं ग्राम तर्रा में 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले महतारी सदन का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि भक्त गुहा निषाद राज और प्रभु श्रीराम का संबंध अटूट प्रेम, विश्वास और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है, जो ऊंच-नीच और भेदभाव से परे है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और समाज आज भी अपनी मेहनत, सेवाभाव और समर्पण से छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

विधायक ने कहा कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिस प्रकार भक्त गुहा निषाद राज ने प्रभु श्रीराम को सेवा भाव से नदी पार कराई थी, उसी भावना के साथ वे क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

इस अवसर पर सविता चंद्राकर, सरोज चंद्रवंशी, रुखमणि वर्मा, अशोक सिन्हा, शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, दिनेश खुटे, प्रमोद निषाद, दयाशंकर निषाद, रामखिलावन लहरी, आशीष वर्मा, लल्लू राम निषाद, श्रवण निषाद, दीपक तिवारी, अनुपम वर्मा, अश्वनी वर्मा, हेमंत वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, निषाद समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Share This Article