Vedant Samachar

HOLI पर सख्ती: जांजगीर-चांपा में पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन से निगरानी

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 03 मार्च 2026। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से Janjgir-Champa Police ने मंगलवार को जिले में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के लिए यह मार्च संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में निकले फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस नियंत्रण कक्ष, जांजगीर से हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में पुलिस बल बीटीआई चौक, नेताजी चौक, नैला रेलवे स्टेशन चौक, शारदा चौक, जांजगीर बस्ती, कचहरी चौक, ग्राम कुलीपोटा मेन रोड, गेमन पुल, रेलवे स्टेशन चांपा और चांपा सदर बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।

फ्लैग मार्च से पूर्व पुलिस अधीक्षक व वरिष्ठ अधिकारियों ने बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जापानी तकनीक से लैस तीन ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

मार्च में डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारियों और भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Share This Article