Vedant Samachar

Raigarh Crime: परासकोल में युवक की अंधी हत्या का खुलासा, 3000 रुपये के विवाद में आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 03 मार्च (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम परासकोल में हुए युवक की अंधी हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि उधारी के 3000 रुपये के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या की गई थी।

मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय प्यारेलाल चौहान, निवासी ग्राम परासकोल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल यूनिट, साइबर थाना स्टाफ एवं डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक के शरीर पर पेट, गले और अन्य हिस्सों में धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए।

मृतक की बहन खुशबू चौहान ने पुलिस को बताया कि घटना की रात सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई। अगले दिन सुबह खेत में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। थाना खरसिया में मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पता चला कि मृतक और ग्राम बगबुडवा निवासी राहुल यादव के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। संदेही राहुल यादव (20 वर्ष), पिता भुजबल यादव, निवासी बगबुडवा खरसिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि दो माह पूर्व उसने नौकरी लगाने की बातचीत के एवज में मृतक को 3000 रुपये दिए थे। रकम वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। 28 फरवरी की रात कन्या छात्रावास के पास उसने चाकू से कई वार कर हत्या कर दी और अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ हर हाल में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article