Vedant Samachar

होली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 130 नशेड़ी वाहन चालक पकड़े, वाहन जब्त

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,03मार्च (वेदांत समाचार) । होली पर्व को देखते हुए रायपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शाम से देर रात तक चले इस सघन अभियान में 130 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त किए गए हैं।

42 चेकिंग प्वाइंट पर सघन जांच
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देश पर शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में 42 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में टीमों ने ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की।

जांच में 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक और 15 टाटा एस पिकअप व ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी वाहनों को जब्त कर यातायात मुख्यालय और संबंधित थानों में खड़ा कराया गया है।

होली तक जारी रहेगी सख्ती
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर होली तक विशेषकर रात के समय लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पकड़े गए मामलों को होली के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां प्रत्येक मामले में 10,000 से 15,000 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

नागरिकों से अपील
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। तेज रफ्तार और शराब के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से सबक लेते हुए स्वयं और परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

होली पर्व के दौरान सौहार्द बनाए रखें और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करें, अन्यथा वाहन जब्ती सहित कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

Share This Article