कोरबा,03 मार्च 2026 (वेदांत समाचार)। होली पर्व के पावन अवसर पर शहर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में 2 मार्च की देर रात 1:35 बजे विशेष मुहूर्त में विधि-विधान के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ। धार्मिक वातावरण और श्रद्धा के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंत्रोच्चार और पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद होलिका प्रज्वलित की गई, जिसके साथ ही बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक यह पर्व उल्लासपूर्वक प्रारंभ हुआ।
आयोजन की जानकारी देते हुए अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी सभी धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए होलिका दहन किया गया। उन्होंने बताया कि रंगोत्सव (धुलेंडी) 4 मार्च को मनाया जाएगा, जिसमें समाज के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रंग-गुलाल खेलेंगे।

पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में आयोजित होलिका दहन को लेकर दिनभर तैयारियां चलती रहीं। श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री के साथ उपस्थित होकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों और युवाओं में भी विशेष उत्साह देखा गया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।
शहर में होली को लेकर उत्सव का माहौल है। बाजारों में रंग, गुलाल, पिचकारी और मिठाइयों की खरीदारी जोरों पर है। सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न स्थानों पर होली मिलन समारोह भी आयोजित किए जा रहे हैं।
अग्रवाल सभा की ओर से शहरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि होली का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए तथा समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को और मजबूत करे।
